सीएम दौरे से पहले पंचकूला सिविल अस्पताल में आधे घंटे तक फंसा रहा दंपती और बच्चा - News On Radar India

सीएम दौरे से पहले पंचकूला सिविल अस्पताल में आधे घंटे तक फंसा रहा दंपती और बच्चा

226

पंचकूला:  सिविल अस्पताल की लिफ्ट सोमवार रात करीब पौने 11 बजे अचानक बीच में अटक गई, जिसमें एक दंपती अपने तीन साल के बेटे के साथ फंस गया। लिफ्ट में फंसे होने से परिवार घबरा गया, और उन्होंने तुरंत हेल्पलाइन नंबर डायल 112 पर संपर्क किया। पुलिस टीम समय पर पहुंची और लगभग आधे घंटे के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। लिफ्ट में फंसे अंश कुमार ने बताया कि वह अस्पताल की तीसरी मंजिल से नीचे आ रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक रुक गई और उन्होंने मदद के लिए आवाजें भी दीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अंश ने बताया कि पुलिस को बुलाकर वह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन अगर कोई अनपढ़ व्यक्ति होता तो हालात और गंभीर हो सकते थे। लिफ्ट में लगभग 30 मिनट तक फंसे रहने के कारण उनकी पत्नी और बच्चे की भी हालत खराब होने लगी थी। पुलिस अधिकारी जगमाल सिंह ने पुष्टि की कि डायल 112 पर कॉल मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस घटना के कुछ ही समय बाद, रात करीब 12 बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, हालांकि, उन्हें लिफ्ट में फंसे होने की इस घटना की जानकारी नहीं दी गई। मुख्यमंत्री ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था और मरीजों से बात की, साथ ही अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group