चंडीगढ़ में वन महोत्सव की धूम, राजिंद्रा पार्क में हजारों पौधे लगाए गए
News around you

चंडीगढ़ में वन महोत्सव की हरियाली छाई, राजिंद्रा पार्क में लगे हज़ारों पौधे

प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश…..

2

चंडीगढ़ : में शुक्रवार को वन महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के राजिंद्रा पार्क में विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने खुद भाग लिया। इस अभियान के तहत कुल 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से एक बड़े हिस्से को समारोह के पहले दिन ही रोपित कर दिया गया।

प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने पौधरोपण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई ने पर्यावरण को गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने चेताया कि हर सेकंड चार फुटबॉल के मैदान जितना क्षेत्र वृक्षों से खाली हो रहा है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने होंगे ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में कई स्कूली बच्चे, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठन और स्थानीय निवासी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने अपने-अपने हाथों से पौधे लगाए और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। पौधरोपण अभियान में फलदार, औषधीय और छायादार पेड़ों की प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई, ताकि ये ना सिर्फ पर्यावरण को संजीवनी दें बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी उपयोगी साबित हों।

इस मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने भी जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें लोगों को वृक्षारोपण के महत्व, देखभाल और संरक्षण के तरीके बताए गए। बच्चों को विशेष रूप से पौधों की भूमिका और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की जानकारी दी गई।

चंडीगढ़ प्रशासन का यह प्रयास ना सिर्फ हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह एक प्रेरणादायक संदेश भी है कि यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर काम करें तो हरियाली की ओर लौटना संभव है। वन महोत्सव के तहत आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.