चंडीगढ़ प्रशासक से भाजपा प्रधान जितेन्द्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात - News On Radar India

चंडीगढ़ प्रशासक से भाजपा प्रधान जितेन्द्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

चंडीगढ़ प्रशाशक से सकारात्मक वार्ता हुई

मल्होत्रा के प्रयासों से चंडीगढ़ में एमबीबीएस व पीजी की 50-50 नई सीटों की उम्मीद बढ़ी; स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा के विस्तार पर हुई चर्चा

134

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष दविंदर सिंह बबला, इंदिरा सिंह और राज किशोर भी शामिल रहे।
बैठक के दौरान चंडीगढ़ में एमबीबीएस और पीजी की 50-50 नई सीटें शुरू करने की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक के समक्ष स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने की  आवश्यकता रखते हुए कहा कि इससे स्थानीय विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे और चंडीगढ़ एक प्रमुख चिकित्सा शिक्षा केंद्र के रूप में और सशक्त होगा। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि प्रशासक ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एमबीबीएस और पी जी की 50-50 नई सीटों को लेकर अगले 10 दिनों के भीतर कोई महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की लंबित विकास परियोजनाओं में तेजी लाने, जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान की मांग भी उठाई। प्रशासक ने इन विषयों पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठा रही है और आने वाले समय में इन प्रयासों के ठोस परिणाम देखने को मिल सकते हैं                                                                                                   (हरमिन्दर नागपाल  दी  रिपोर्ट )

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group