केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह भेरूंदा (जिला सीहोर) को देंगे रु.18,907 करोड़ के आवंटन के साथ ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई शक्ति - News On Radar India
News around you

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह भेरूंदा (जिला सीहोर) को देंगे रु.18,907 करोड़ के आवंटन के साथ ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई शक्ति

म.प्र. को 2,117 किमी सड़कों और 987 बसावटों के लिए (PMGSY) के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती सौगात, 384 किमी PM-JANMAN परियोजनाएं भी स्वीकृत

1

भेरूंदा (सीहोर)/ भोपाल: ग्रामीण भारत के विकास इतिहास में 10 मई का दिन एक महत्वपूर्ण और प्रेरक अध्याय के रूप में दर्ज होने जा रहा है, जब मध्य प्रदेश के भेरूंदा, जिला सीहोर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के 25 वर्ष पूरे होने का रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा और इसी मंच से PMGSY-IV का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री  शिवराज सिंह चौहान देश के गांवों को मजबूत, टिकाऊ और बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ने के राष्ट्रीय संकल्प को नई ऊर्जा देंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शरीक होंगे।

ग्रामीण विकास मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार  यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवर्तन, सामाजिक समावेशन और बुनियादी ढांचे के माध्यम से विकास को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का विराट उत्सव होगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह द्वारा PMGSY-IV के अंतर्गत म.प्र. के लिए 2,117 किलोमीटर लंबाई की 973 सड़कों तथा 987 बसावटों को लाभ पहुंचाने वाले स्वीकृति पत्र और वित्तीय आवंटन मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपे जाएंगे, वहीं PM-JANMAN के तहत 384 किलोमीटर से अधिक सड़क परियोजनाओं का आवंटन भी किया जाएगा, जिससे 168 पिछड़ी बसावटों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए वर्ष 2026-27 हेतु कुल 18,907 करोड़ रु. के सांकेतिक आवंटन की घोषणा की जाएगी, जिसमें से 830 करोड़ रु. म.प्र. के विकास के लिए समर्पित हैं। यह आवंटन ग्रामीण संपर्क, आर्थिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि विपणन की पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

समारोह की शुरुआत 10 मई को दोपहर 12 बजे होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री  चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ ही केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री  कमलेश पासवान, म.प्र. के ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री  प्रहलाद सिंह पटेल तथा म.प्र. सरकार के अन्य जनप्रतिनिधि और केंद्र तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्पष्ट संदेश है कि गांव की सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि समृद्धि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, रोजगार और सम्मानजनक जीवन की डगर है। PMGSY के 25 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित यह रजत जयंती समारोह और PMGSY-IV का शुभारंभ आने वाले वर्षों में ग्रामीण भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला निर्णायक कदम सिद्ध होगा।

You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group