कम्युनिटी सेंटर रेट बढ़े, विपक्ष नाराज़
चंडीगढ़ हाउस मीटिंग में 9 एजेंडे, पालतू कुत्तों पर सख्त बायलॉज की तैयारी।…..
चंडीगढ़ : नगर निगम की आज होने वाली हाउस मीटिंग में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी, जिनमें सबसे प्रमुख है कम्युनिटी सेंटर की दरों में संभावित बढ़ोतरी। अगर यह प्रस्ताव पास होता है, तो आम जनता पर सीधा आर्थिक प्रभाव पड़ेगा, खासकर उन परिवारों पर जो विवाह, सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए इन सुविधाओं पर निर्भर रहते हैं।
कम्युनिटी सेंटर के रेट बढ़ाने का मसला विपक्षी पार्षदों को खटक रहा है। उनका तर्क है कि पहले ही लोग महंगाई से परेशान हैं और ऐसे में यदि कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग दरें बढ़ती हैं, तो यह आम नागरिकों की जेब पर और बोझ डालेगा। इससे मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के लोग खास तौर पर प्रभावित होंगे।
इस हाउस मीटिंग में कुल 9 एजेंडों पर चर्चा होनी है। इनमें दूसरा बड़ा मुद्दा पालतू कुत्तों से जुड़ा है। शहर में आए दिन पालतू कुत्तों के कारण बढ़ती शिकायतों को देखते हुए नगर निगम अब पेट डॉग बायलॉज को और सख्त बनाने की तैयारी कर रहा है। प्रस्ताव में नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माने का प्रावधान शामिल हो सकता है। इससे उन लोगों पर शिकंजा कसेगा जो अपने पालतू जानवरों के रखरखाव को लेकर लापरवाही बरतते हैं।
अन्य एजेंडों में शहर के विकास कार्यों से जुड़ी योजनाएं, पार्किंग व्यवस्था और साफ-सफाई जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। कांग्रेस और आप पार्षदों ने बैठक में विरोध जताने की तैयारी कर ली है, जबकि भाजपा समर्थित पार्षद प्रस्तावों को पास कराने की कोशिश में हैं।
विपक्ष का कहना है कि जनहित से जुड़े मसलों पर बिना पर्याप्त चर्चा के फैसले लागू करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। वहीं सत्ताधारी पक्ष का कहना है कि शहर के संसाधनों को बेहतर प्रबंधन के लिए कुछ फैसले जरूरी हैं।
इस बैठक के नतीजे शहरवासियों के लिए कई मायनों में अहम साबित हो सकते हैं। फैसले चाहे जो भी हों, लेकिन उनकी मार सीधे आम लोगों की जीवनशैली और बजट पर पड़ेगी।
Comments are closed.