अमेरिकी राजदूत ने प्रतिनिधिमंडल के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका - News On Radar India

अमेरिकी राजदूत ने प्रतिनिधिमंडल के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका

​एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज ने सूचना केंद्र में किया सम्मानित

108

​अमृतसर : अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने आज 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर गुरु घर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज द्वारा अमेरिकी राजदूत को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब का सुनहरा मॉडल, धार्मिक पुस्तकें और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
​इस अवसर पर एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने श्री हरमंदिर साहिब पहुंचने पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब समस्त मानवता के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र है, जहां हर धर्म, वर्ग और देश के लोग बिना किसी भेदभाव के मत्था टेकने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की विचारधारा समस्त मानवता को समानता, सेवा और सर्वधर्म समभाव का संदेश देती है। शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष ने हाल ही में अमेरिका में ‘सिंह’ शब्द का इस्तेमाल कर जारी हुए पोस्टर के मामले को लेकर भी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हालांकि शिरोमणि कमेटी द्वारा मेल के जरिए आपत्ति जताए जाने के बाद इस पोस्ट को हटा दिया गया था, लेकिन भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के विकास में पंजाबियों और खासकर सिखों का बड़ा योगदान है और सरकार को वहां बसने वाले हर समुदाय की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
​इसी दौरान सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में दुनिया भर से विभिन्न देशों और धर्मों से संबंधित श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु घर की परंपरा के अनुसार यहां आने वाले हर व्यक्ति का सत्कार किया जाता है और गुरु साहिब की पावन हजूरी में मानवता की भलाई और आपसी सद्भावना की कामना की जाती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ सिख कौम का पुराना नाता है महाराजा रणजीत सिंह की सेना में कई अधिकारी थे जो अमेरिका से संबंधित थे। उन्होंने बताया कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ वहां बसने वाले सिखों के मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया है।
​इस दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने श्री हरमंदिर साहिब की पावन मर्यादा, गुरबानी कीर्तन और गुरु घर की सेवा-परंपरा के बारे में जानकारी प्राप्त की। विज़टर बुक में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा कि एक खास जगह पर वापस आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। वह 15 साल पहले भी यहां मत्था टेकने आए थे।
​इस अवसर पर ओएसडी स. सतबीर सिंह धामी, शिरोमणि कमेटी के सचिव स. बलविंदर सिंह काहलों, निजी सचिव स. शाहबाज सिंह, अतिरिक्त सचिव स. जसविंदर सिंह जस्सी, मीत सचिव स. हरभजन सिंह, श्री दरबार साहिब के जनरल मैनेजर स. मेजर सिंह, सूचना अधिकारी स. अमृतपाल सिंह, स. रणधीर सिंह, स. जतिंदर सिंह, अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य राजदूत सर्जियो गोर के अलावा ब्रायना मास्ट, चेयरमैन ब्रायन मास्ट की पत्नी, गैलाघर, जन्ना गैलाघर, प्रतिनिधि थानेदार, शशि थानेदार, प्रतिनिधि पेट्रोनिस, स्टीवंस आदि उपस्थित थे।                                                                                                    (हरमिंदर नागपाल‌  की रिपोर्ट)  

Advertisements
You might also like

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Join WhatsApp Group