सांसद मलविंदर सिंह कंग ने (मोहाली- वार्ड नंबर 41) की समस्याओं को गंभीरता से सुना: पार्षद गुरप्रीत कौर उभ्भा
सांसद ने जल्द दौरा कर विकास कार्य करवाने का दिया भरोसा : गुरप्रीत कौर उभ्भा
मोहाली : पार्षद गुरप्रीत कौर उभ्भा ( मोहाली- वार्ड नंबर 41) एवं भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा ने आज श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के सांसद मलविंदर सिंह कंग को वार्ड नंबर 41 के विकास एवं बुनियादी सुविधाओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा।
इस अवसर पर गुरप्रीत कौर उभ्भा और हरदेव सिंह उभ्भा ने सांसद को गांव संभालकी, नानू माजरा, वेव एस्टेट सेक्टर-85, प्रीत सिटी सेक्टर-86 तथा सेक्टर-88 के निवासियों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। मांग पत्र में सबसे पहले पूरे वार्ड के निवासियों को स्वच्छ नहरी पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी कैमरे, सीवरेज व्यवस्था में सुधार, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटें, पार्कों का विकास, सफाई व्यवस्था, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, खेल मैदान, ओपन जिम, कम्युनिटी सेंटर तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित मांगें भी प्रमुखता से उठाई गईं।
सांसद मलविंदर सिंह कंग ने वार्ड की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि वे शीघ्र ही वार्ड नंबर 41 का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से बातचीत की जाएगी और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
गुरप्रीत कौर उभ्भा एवं हरदेव सिंह उभ्भा ने सांसद का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें आशा है कि वार्ड नंबर 41 के विकास तथा निवासियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे। उनके साथ रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-85 के अध्यक्ष मनोज शर्मा भी उपस्थित रहे। (हरमिन्दर नागपाल की रेपोर्ट)