साहिबजादा अजीत सिंह नगर : नगर निगम मोहाली के कल हुए मेयर चुनाव में सरबजीत सिंह समाना मेयर, राजिंदर प्रसाद सीनियर डिप्टी मेयर तथा हरपाल सिंह चन्ना डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया से पूर्व नगर निगम मोहाली के सभी 50 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह एवं चुनाव प्रक्रिया रूपनगर मंडल के आयुक्त मनवेश सिंह सिद्धू की निगरानी में सम्पन्न हुई। उन्होंने कन्वीनर की भूमिका निभाई, जबकि पार्षद गुरमुख सिंह सोहल ने प्रिजाइडिंग ऑफिसर के रूप में चुनाव कार्यवाही का संचालन किया।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, जिन्हें पार्टी हाईकमान द्वारा मोहाली मेयर चुनाव की पार्टी स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी, ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम मोहाली के विकास को और गति देने तथा नागरिक सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि मोहाली को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा तथा विकास कार्यों को और तेज गति देकर इसे सपनों के शहर के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरी पंजाब के लोगों ने पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में जनहितैषी नीतियों और सुशासन का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी को मजबूत जनादेश दिया है।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी पार्षदों का धन्यवाद करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि वे उन 35 पार्षदों के आभारी हैं जिन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन किया। इनमें पार्टी के 27 पार्षदों के साथ-साथ मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि आज की कार्यवाही ने पार्टी की एकजुटता और मोहाली के निवासियों की सेवा के प्रति उ
सकी सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की जिला अध्यक्ष प्रभजोत कौर तथा पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सन्नी सिंह आहलूवालिया भी उपस्थित थे।
विधायक कुलवंत सिंह ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए मोहाली के निवासियों, सभी पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित नेतृत्व शहर की नागरिक समस्याओं के समाधान और लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक प्रयास करेगा।
चुनाव प्रक्रिया मनवेश सिंह सिद्धू, आयुक्त रूपनगर मंडल द्वारा नगर निगम मोहाली के आयुक्त संदीप सिंह गाढ़ा की उपस्थिति में सम्पन्न करवाई गई। इस अवसर पर उपायुक्त कोमल मित्तल, एस.एस.पी. हरमनदीप सिंह हांस तथा एस.डी.एम. मोहाली दमनदीप कौर भी उपस्थित रहे।
चुनाव के उपरांत सरबजीत सिंह समाना (सुपुत्र विधायक कुलवंत सिंह) ने नगर निगम मोहाली के मेयर के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसी प्रकार राजिंदर प्रसाद ने सीनियर डिप्टी मेयर तथा हरपाल सिंह चन्ना ने डिप्टी मेयर के रूप में पदभार संभाला।
नवनिर्वाचित मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर एवं डिप्टी मेयर ने पार्टी नेतृत्व, पार्षदों तथा शहरवासियों द्वारा व्यक्त विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे जनकल्याण, सुनियोजित शहरी विकास और मोहाली की समग्र प्रगति के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, पार्टी नेता, अधिकारी तथा समर्थक उपस्थित थे। (हरमिन्दर नागपाल की रेपोर्ट)