TikTok भारत में फिर से खुली, लेकिन कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा….
….जानिए पूरा विवाद
नई दिल्ली। चीनी वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक भारत में लगभग पांच वर्षों के बाद फिर से लाइव हो गया है। वेबसाइट का मुख्य पेज अब खुल रहा है, हालांकि सरकार ने टिकटॉक पर प्रतिबंध हटाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।
भारत में टिकटॉक की साइट खुलने के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चीन प्रेम देश प्रेम पर भारी पड़ा है। एक्स (Twitter) पर कांग्रेस ने लिखा कि चीन की कंपनी टिकटॉक भारत में चल रही है, जबकि चीन के साथ झड़प में हमारे 20 जांबाज सैनिक शहीद हुए थे।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने चीन को क्लीनचिट दी और दबाव के बाद टिकटॉक को बैन किया। अब चीन से फिर से संवाद और बैठकें हो रही हैं, और इसी बीच टिकटॉक की वेबसाइट खुल गई। कांग्रेस ने इसे पाकिस्तान के साथ सीजफायर की तरह चीन के साथ “शहादत का सौदा” करार दिया।
भारत ने जनवरी 2021 में 59 चीनी एप्स को स्थायी रूप से ब्लॉक किया था, जिनमें टिकटॉक भी शामिल था। यह कदम सीमा पर चीन के साथ तनाव के बाद उठाया गया था।
2020 में लगा था प्रतिबंध
2020 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिक डेटा की सुरक्षा को देखते हुए चीनी एप्स, विशेषकर टिकटॉक, पर प्रतिबंध लगाया। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत कार्रवाई की थी। सरकार के अनुसार ये एप्स उपयोगकर्ताओं की संवेदनशील जानकारियों को चीन में सर्वर तक भेज रहे थे, जिससे देश की सुरक्षा और संप्रभुता पर खतरा था।
टिकटॉक भारत में युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय था और यह मनोरंजन और रोजगार का माध्यम भी था। इस प्रतिबंध से लाखों उपयोगकर्ताओं पर असर पड़ा।
Comments are closed.