Delhi Crime: कालकाजी मंदिर में सेवादार की पीट-पीटकर हत्या, प्रसाद-चुनरी विवाद से भड़का झगड़ा - News On Radar India

Delhi Crime: कालकाजी मंदिर में सेवादार की पीट-पीटकर हत्या, प्रसाद-चुनरी विवाद से भड़का झगड़ा

मंदिर में हिंसक झगड़े के बाद सेवादार की मौत, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा…..

119

New Delhi:- नई दिल्ली के कालकाजी मंदिर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात मंदिर में दर्शन के दौरान प्रसाद और चुनरी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने 35 वर्षीय सेवादार योगेंद्र सिंह की लाठियों और घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 11:30 बजे हुई। दर्शन के बाद आरोपियों ने सेवादार से चुनरी प्रसाद की मांग की, जिस पर उनके बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने योगेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक योगेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला था और पिछले 14-15 सालों से कालकाजी मंदिर में सेवादार के रूप में सेवा कर रहा था।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दक्षिणपुरी निवासी 30 वर्षीय अतुल पांडे को घटनास्थल से ही पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

इस घटना पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा —
“कालकाजी मंदिर के अंदर सेवादार की निर्मम हत्या करने से पहले इन बदमाशों के हाथ नहीं कांपे? ये कानून व्यवस्था की विफलता नहीं तो और क्या है? भाजपा के चारों इंजनों ने दिल्ली का ये हाल कर दिया है कि अब मंदिरों में भी ऐसी वारदातें हो रही हैं। क्या दिल्ली में कोई सुरक्षित है भी या नहीं?”

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group