चंडीगढ़: केंद्र के राहत पैकेज पर आप का हमला
अमन अरोड़ा बोले– 1600 करोड़ पंजाबियों का अपमान......
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पंजाब के लिए घोषित 1600 करोड़ रुपये के राहत पैकेज पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पंजाब सरकार के मंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने इस पैकेज को “पंजाबियों का अपमान और बाढ़ पीड़ितों के साथ मजाक” बताया।
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को पंजाब दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद राहत पैकेज का ऐलान किया गया, लेकिन इस पर राज्य सरकार ने गहरी नाराज़गी जताई। अरोड़ा ने कहा कि जब लाखों किसान अपनी फसलें, पशुधन और घर बाढ़ में गंवा चुके हैं, तब इतना मामूली पैकेज उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब की वास्तविक ज़रूरतों को नज़रअंदाज़ किया है। अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में राज्य सरकार लंबे समय से 60 हजार करोड़ रुपये के रोके गए फंड और 20 हजार करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की मांग कर रही है, लेकिन केंद्र ने उस पर कोई कदम नहीं उठाया।
अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब की कृषि सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। करीब 4.80 लाख एकड़ भूमि बाढ़ की चपेट में आ चुकी है, जिसमें से 3.71 लाख एकड़ धान की फसल पूरी तरह तबाह हो गई। किसानों को दोबारा बुआई का कोई अवसर नहीं बचा और उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया।
उन्होंने यह भी कहा कि 1988 के बाद यह सबसे भयावह बाढ़ है, जिसने अब तक 52 लोगों की जान ले ली और 2000 से अधिक गांवों के करीब 4 लाख लोग सीधे प्रभावित हुए हैं। ऐसे हालात में केंद्र से सिर्फ 1600 करोड़ का पैकेज पंजाब की स्थिति का मजाक उड़ाने जैसा है।
अरोड़ा ने केंद्र से अपील की कि वह तुरंत वास्तविक नुकसान का आकलन करे और पंजाब की कृषि, किसानों और आम जनता की मदद के लिए एक व्यापक और ठोस राहत पैकेज का एलान करे।
Comments are closed.