हरियाणा में जल्द होगी ग्रुप-डी भर्ती - News On Radar India

हरियाणा में जल्द होगी ग्रुप-डी भर्ती

सैनी सरकार ने विभागों से मांगी खाली पदों की रिपोर्ट, भर्ती प्रक्रिया की तैयारी तेज….

117

हरियाणा : में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने ग्रुप-डी के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। मानव संसाधन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने विभागों में जिला और पदवार रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराएं। इस जानकारी के आधार पर राज्य सरकार ग्रुप-डी की भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देगी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को रोजगार देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार चाहती है कि सभी रिक्तियों का डाटा जल्द से जल्द एकत्रित हो जाए ताकि भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी विलंब के शुरू किया जा सके। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी।

ग्रुप-डी के अंतर्गत आने वाले पदों में चपरासी, सफाई कर्मचारी, माली, ड्राइवर, चौकीदार जैसी कई अहम सेवाएं शामिल होती हैं। इन पदों पर भर्ती होने से न केवल बेरोजगार युवाओं को सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा बल्कि विभागीय कामकाज में भी सुधार आएगा। सरकार द्वारा उठाए गए इस कदम को युवाओं के बीच सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार हरियाणा में वर्तमान में हजारों ग्रुप-डी पद खाली हैं, जिनके कारण कई सरकारी कार्य बाधित हो रहे हैं। ऐसे में सरकार का यह फैसला समय की मांग है। विभागों से जानकारी प्राप्त होते ही भर्ती की अधिसूचना जारी की जा सकती है।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के माध्यम से इस भर्ती को अंजाम दिए जाने की संभावना है। आयोग ने भी अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं और संभावित परीक्षा पैटर्न व प्रक्रिया पर मंथन कर रहा है।

सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिले और उन्हें आर्थिक स्थिरता के साथ सामाजिक सम्मान भी प्राप्त हो। ग्रुप-डी की यह भर्ती इस दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group