अखंडा 2 का दमदार टीजर हुआ रिलीज

अखंडा 2 का दमदार टीजर हुआ रिलीज

नंदमुरी बालकृष्ण का एक्शन से भरपूर अवतार….

137

नई दिल्ली : नंदमुरी बालकृष्ण के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसे देखने के बाद दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। फिल्म के टीजर में बालकृष्ण एक बार फिर अपने आध्यात्मिक और जबरदस्त एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। निर्देशक बोयापति श्रीनु के साथ बालकृष्ण की यह जोड़ी पहले ‘अखंडा’ में भी कमाल कर चुकी है और अब इस सीक्वल से भी फैंस को काफी उम्मीदें हैं।

टीजर में दिखाए गए विजुअल्स बेहद भव्य और प्रभावशाली हैं। नंदमुरी बालकृष्ण की दमदार डायलॉग डिलीवरी और एक्शन सीन देखते ही बनते हैं। आध्यात्मिक पृष्ठभूमि में रचे-बसे इस किरदार में उनका व्यक्तित्व पहले से और अधिक शक्तिशाली नजर आ रहा है। फिल्म का निर्माण राम अचंता और गीपचंद अचंता ने किया है। मेकर्स ने टीजर रिलीज के साथ यह भी ऐलान किया है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘अखंडा’ फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई थी और उस समय दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया था। फिल्म के दमदार एक्शन, प्रभावशाली डायलॉग्स और बालकृष्ण के बेजोड़ अभिनय ने इसे ब्लॉकबस्टर बना दिया था। ऐसे में ‘अखंडा 2’ को लेकर भी दर्शकों में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर टीजर रिलीज होते ही ट्रेंड करने लगा और फैंस ने फिल्म की रिलीज डेट जानने के लिए उत्सुकता जाहिर की।

फिल्म के निर्माता राम अचंता ने कहा कि ‘अखंडा 2’ को बड़े स्तर पर बनाया गया है और दर्शकों को इससे पहले कभी न देखे गए एक्शन और विजुअल एक्सपीरियंस मिलेगा। फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

फिलहाल तो ‘अखंडा 2’ का दमदार टीजर दर्शकों के दिलों में हलचल मचा चुका है। बालकृष्ण के फैंस बेसब्री से फिल्म के ट्रेलर और रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि यह सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाता है।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group