News around you

पंजाब में पारा 46 पार, हीटवेव जारी

आसमान से बरस रही आग, जानिए कब मिलेगी राह…..

53

पंजाब : में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में दोपहर के समय ऐसा महसूस हो रहा है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। चंडीगढ़ सहित पंजाब के प्रमुख शहरों में दिन का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में हीटवेव का प्रभाव बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और गिरावट की उम्मीद नहीं है। भीषण गर्मी के चलते सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा हुआ नजर आ रहा है। लोग अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए घरों में ही रहने को मजबूर हैं। वहीं, अस्पतालों में लू लगने के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में बन रहे उच्च दबाव क्षेत्र के कारण पंजाब में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले चार दिनों तक इस स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं दिख रहा है। राहत की बात यह है कि इसके बाद प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे 14-15 जून के आसपास आंधी और हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक गैरजरूरी घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में सीधा संपर्क न करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। गर्मी के इस प्रकोप से सबसे अधिक असर किसानों, मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ा है। राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल और छांव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।


Discover more from News On Radar India

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

You might also like

Comments are closed.