जीरकपुर ज्वेलरी शॉप लूटकांड में पुलिस ने क्या खुलासा किया.. - News On Radar India

जीरकपुर ज्वेलरी शॉप लूटकांड में पुलिस ने क्या खुलासा किया..

सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी एप में काम कर जुटाते थे जानकारी, बड़ी लूट को दिया अंजाम…

179

मोहाली : पंजाब के जीरकपुर में हुई ज्वेलरी शॉप की बड़ी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन राज्यों से जुड़े सात शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में लूट की योजना बनाई और उसे अंजाम भी दिया। हैरानी की बात यह रही कि ये सभी आरोपी पहले सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी एप्स में काम करते थे, जिससे उन्हें शहरों और दुकानों की जानकारी मिलती थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर इन्होंने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों ने कई दिनों तक दुकान की रेकी की थी और वहां आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी थी। कुछ आरोपी ज्वेलरी शॉप के पास डिलीवरी बॉय बनकर आते थे जिससे उन्हें अंदर-बाहर के रास्तों की जानकारी मिलती थी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन तक जान ली थी। घटना के दिन आरोपियों ने नकाब पहनकर हथियारों के दम पर लूट को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

इस मामले में पुलिस की विशेष टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों का सुराग निकाला और फिर एक-एक कर सातों को गिरफ्तार किया। इनकी गिरफ्तारी पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये गैंग पहले भी कई लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहा है और अपने पुराने नेटवर्क का इस्तेमाल कर लूट की प्लानिंग करता था।

पुलिस ने इनके पास से लूटी गई ज्वेलरी का बड़ा हिस्सा, नकदी और हथियार भी बरामद किए हैं। जीरकपुर पुलिस ने दावा किया है कि इनकी गिरफ्तारी से इलाके में बढ़ रही लूटपाट की वारदातों पर काफी हद तक लगाम लगेगी। फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि और भी मामलों का खुलासा हो सके।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group