पंजाब बंद का असर: 15 ट्रेनों समेत शताब्दी, वंदे भारत एक्सप्रेस रद्द
चंडीगढ़ से 15 ट्रेनें रद्द, यात्रियों को हुई भारी परेशानी...
पंचकूला : पंजाब बंद के दौरान रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन और किसानों की मांगों के समर्थन में सोमवार को पंजाब बंद का आह्वान किया गया था। इसके चलते चंडीगढ़ से जाने वाली करीब 15 ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जिनमें शताब्दी, वंदे भारत एक्सप्रेस, चंडीगढ़-अमृतसर, चंडीगढ़-राम नगर, और कालका दिल्ली एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल थीं।
यह स्थिति यात्रियों के लिए बहुत परेशानी का कारण बनी। सुबह से ही चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, और कई को तो 8 से 10 घंटे तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने ठंड में रेलवे स्टेशन पर अपना समय बिताया।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने बताया, “मैं सुबह 11 बजे से यहां खड़ा हूं, लेकिन ट्रेन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। अब हमें शाम 8 बजे तक इंतजार करना होगा।”
हालांकि, शाम 5 बजे के बाद रेलवे स्टेशन पर रेल सेवाएं फिर से बहाल हो गईं।
Comments are closed.