पंजाब : स्कूल शिक्षा बोर्ड में अध्यक्ष की ताजपोशी पर गरमाई राजनीति, विपक्ष ने उठाया मुद्दा

ताजा मामला गैर पंजाबी डॉ. सतबीर बेदी की नियुक्ति से जुड़ा है, जिन्हें हाल ही में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया था. गौरतलब है कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. सतबीर बेदी दिल्ली से ताल्लुक रखते हैं और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के करीबी बताए जाते हैं. कांग्रेस ने उनकी नियुक्ति का विरोध किया है।
इससे पहले भी पंजाब की रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी में दिल्ली से नियुक्तियां की गई थीं, जिसे लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया था. पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वार्डिंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने ट्वीट कर इस पर आपत्ति जताई और इसे शर्मनाक बताया.
राजा वॉर्डिंग ने ट्वीट कर कहा है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर रहे हैं. उन्होंने लिखा कि रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) की तरह गैर पंजाबी डॉ. सतबीर बेदी को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन बनाए जाने से यह स्पष्ट हो जाता है कि पंजाब दिल्ली द्वारा चलाया जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी ट्वीट कर कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों में अपना जाल फैला लिया है. इस बार दिल्ली के रिटायर्ड IAS और केजरीवाल के करीबी डॉ. सतबीर बेदी PSEB के अध्यक्ष चुने गए हैं. उन्होंने लिखा कि इससे पहले भी रेरा में दो पदों पर दिल्ली के आईएएस नियुक्त हुए थे.
आरटीआई कार्यकर्ता माणिक गोयल ने पंजाब सरकार के आदेश की यह प्रति ट्वीट की। इसके बाद पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वॉर्डिंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी इसे अपने ट्विटर पर शेयर किया. दिसंबर 2022 में, दिल्ली के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव सत्य गोपाल को पंजाब के रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही पूर्व आईआरएस राकेश गोयल को भी नियुक्त किया गया है। उस दौरान भी बीजेपी और पंजाब कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों ने आपत्ति जताई थी. अब डॉ. सतबीर बेदी की नियुक्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।
Comments are closed.