80 की उम्र, 10 हजार फीट की उड़ान - News On Radar India

80 की उम्र, 10 हजार फीट की उड़ान

हरियाणा की रिटायर्ड प्रोफेसर ने स्काईडाइव से मनाया बर्थडे, 230 किमी/घंटे की रफ्तार से लगाई छलांग….

118

हरियाणा की एक 80 वर्षीय रिटायर्ड लेडी प्रोफेसर ने अपने जन्मदिन पर ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह जाए। उन्होंने 10 हजार फीट की ऊंचाई से स्काईडाइविंग करके ना सिर्फ अपनी ख्वाहिश पूरी की, बल्कि उम्र को भी चुनौती दी। इस साहसिक स्टंट को देखकर लोग उन्हें ‘हरियाणा की आयरन लेडी’ कहने लगे हैं।

यह रोमांचक घटना उस वक्त घटी जब प्रोफेसर का बेटा, जो खुद एक स्काईडाइविंग ट्रेनर है, अपनी मां को उनके 80वें जन्मदिन पर सरप्राइज देने के लिए उन्हें एयरबेस लेकर गया। वहां पहुंचकर मां को बताया गया कि आज वह 10,000 फीट की ऊंचाई से 230 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आसमान से छलांग लगाएंगी।

शुरुआत में मां थोड़ा घबराईं, लेकिन फिर आत्मविश्वास के साथ तैयार हो गईं। प्रशिक्षकों के साथ जरूरी गाइडलाइन और सुरक्षा उपायों के बाद उन्होंने बिना झिझक छलांग लगाई। यह पल न केवल परिवार के लिए, बल्कि स्काईडाइविंग कम्युनिटी के लिए भी अविस्मरणीय बन गया।

छलांग के बाद जब पैराशूट खुला और वो धीरे-धीरे जमीन पर उतरीं, तो लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। प्रोफेसर ने कहा, “जिंदगी जीने की कोई उम्र नहीं होती। ये सपना मैंने सालों पहले देखा था और मेरे बेटे ने उसे पूरा कर दिया।”

यह कहानी उम्र को चुनौती देने वाले साहस और प्रेरणा की मिसाल है। आज जब लोग 60 के बाद खुद को सीमित करने लगते हैं, तब एक 80 वर्षीय महिला ने दिखा दिया कि जिंदगी का असली स्वाद हदों को पार करने में है।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group