2027 से पहले SAD का बड़ा राजनीतिक दांव!
33 नए जिला प्रधानों की नियुक्ति, युवाओं और अनुभवी नेताओं का मिला संतुलन….
पंजाब : की राजनीति में गर्मी बढ़ गई है, क्योंकि शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने संगठन को नए सिरे से मजबूती देने के लिए राज्य भर में 33 नए जिला प्रधानों की नियुक्ति की है। यह कदम पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
SAD प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पार्टी ने इस बार अनुभव और युवा जोश का तालमेल साधते हुए ज़िम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि जिन वर्करों ने पार्टी के लिए लगातार मेहनत की है और जिनमें भविष्य की राजनीति को समझने की क्षमता है, उन्हें मौका दिया गया है। यह बदलाव केवल नामों का नहीं, बल्कि नये जोश और सोच का संकेत है।
बादल ने स्पष्ट किया कि इन नियुक्तियों का मकसद सिर्फ चुनावी रणनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि SAD को हर जिले में फिर से मजबूत बनाना और लोगों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य साफ है — जनता के बीच भरोसा और संवाद बढ़ाना। नई टीम को जल्द ही जिलों में सक्रिय अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम पंजाब की राजनीति में SAD के पुनरुत्थान की कोशिश का हिस्सा है। 2022 के चुनावों में मिली हार के बाद पार्टी ने आत्मविश्लेषण किया है और अब ज़मीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देकर संगठन को फिर से खड़ा करने की दिशा में काम कर रही है।
इन नियुक्तियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा आई है। युवा नेताओं को आगे आने का मौका मिलना और वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलना — यह संयोजन आने वाले समय में SAD को और मजबूत बना सकता है।
SAD की यह रणनीतिक चाल अब आने वाले महीनों में कितनी कारगर साबित होती है, यह पंजाब की सियासी फिज़ा तय करेगी।
Comments are closed.