होमी भाभा कैंसर अस्पताल, पंजाब में इंडियन ऑयल के सहयोग से ‘3T MRI स्कैनर’ की सुविधा शुरू
चंडीगढ़ : पंजाब और आस-पास राज्यों के मरीज़ों के लिए कैंसर की उन्नत जांच सुविधा को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकारी महारत्न कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम ने 2 अप्रैल, को होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, न्यू चंडीगढ़ में एक अत्याधुनिक 3 टेस्ला (थ्रीटी) एमआरआई स्कैनर सुविधा का उद्घाटन किया।
इंडियन ऑयल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत यह एमआरआई स्कैनर स्थापित किया गया है।
कंपनी के कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट समन्वय और सीएसआर) बिभूति रंजन प्रधान और कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख (पंजाब राज्य कार्यालय) आशुतोष गुप्ता ने होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, पंजाब के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया की उपस्थिति में इस सुविधा का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. आशीष गुलिया ने अपने संबोधन में इंडियन ऑयल के निरंतर सहयोग के लिए कंपनी के
प्रति आभार व्यक्त किया और इस नई सुविधा की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने जानकारी दी कि इस एमआरआई स्कैनर को इंडियन ऑयल की मदद से लगभग ₹16 करोड़ की लागत से लगाया गया है।
उन्होंने कहा, “जब इंडियन ऑयल जैसी बड़ी कंपनी आम लोगों और जरूरतमंद कैंसर रोगियों की मदद के लिए अपना हाथ बढ़ाती है, तो यह हमारे संकल्प को और मजबूत करता है। यह हमें भरोसा दिलाता है कि कैंसर के खिलाफ इस लड़ाई में हम अकेले नहीं हैं। इस तरह के योगदान हमें बिना किसी देरी के और रियायती दरों पर कैंसर केयर सेवाएं मुहैया कराने में मदद करते हैं।”
डॉ. आशीष गुलिया ने होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, पंजाब के साथ इंडियन ऑयल के लंबे समय से चले आ रहे सहयोग का भी जिक्र किया और कहा कि कंपनी ने अस्पताल में कई परियोजनाओं में लगातार मदद दी है।
इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट समन्वय और सीएसआर) बिभूति रंजन प्रधान ने कहा, “इंडियन ऑयल के लिए स्वास्थ्य सेवा सामाजिक जिम्मेदारी का एक मुख्य स्तंभ है। सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करना हमारी प्रतिबद्धता है। हमें उच्च गुणवत्ता वाले कैंसर निदान और देखभाल तक पहुंच में सुधार करने के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल के साथ साझेदारी करने पर गर्व है।”
यह स्कैनर आज की सबसे उन्नत इमेजिंग तकनीकों में से एक है। सामान्य MRI मशीनों की तुलना में इसके कई लाभ हैं, जैसे- बेहतर फोटो क्वॉलिटी ताकि शरीर के अंदर की अधिक साफ़ और विस्तृत तस्वीरें ली जा सकें। इस मशीन में स्कैनिंग जल्दी पूरी हो जाती है। ये सटीक जांच करता है जिससे ट्यूमर का जल्दी पता लगाने और इलाज की योजना बनाने में मदद मिलती है। इस मशीन के आने से मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ कैंसर का इलाज : आपको बता दें कि पंजाब और आसपास के राज्यों को बेहतरीन कैंसर इलाज देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने अगस्त 2022 में इस अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित किया था। भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत आने वाले टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई द्वारा करीब 660 करोड़ की लागत से बना यह 300 बेड वाला अस्पताल हर आधुनिक सुविधा (जैसे सर्जरी, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट) से लैस है। यह अस्पताल एक मुख्य केंद्र (Hub) की तरह काम करता है, जबकि संगरूर वाला 150 बेड का अस्पताल इसकी एक शाखा (Spoke) के रूप में मरीजों की सेवा कर रहा है