शुभमन को कप्तानी, CM मान हुए गदगद
इंग्लैंड दौरे के लिए गिल बने टेस्ट कप्तान, अर्शदीप की भी टीम में एंट्री पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी बधाई…..
पंजाब : भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे के लिए बीसीसीआई ने नई टेस्ट टीम की घोषणा की है और सबसे बड़ी खबर यह रही कि पंजाब के होनहार बल्लेबाज़ शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है। शुभमन गिल को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है और इस निर्णय ने पंजाब के खेल जगत में नई ऊर्जा भर दी है। वहीं पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है जिसे लेकर राज्य में खुशी की लहर है। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पंजाब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने शुभमन गिल की कप्तानी को युवा प्रेरणा का प्रतीक बताया और कहा कि उनका क्रिकेट में योगदान युवाओं के लिए एक आदर्श बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभमन गिल ने अपने खेल से न सिर्फ देश को गौरवान्वित किया है बल्कि पंजाब के युवाओं को यह दिखा दिया है कि मेहनत और लगन से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। वहीं अर्शदीप की गेंदबाजी को लेकर भी उन्होंने कहा कि उनकी निरंतर मेहनत रंग लाई है और यह चयन उनके खेल की गुणवत्ता का प्रमाण है। भगवंत मान ने आगे कहा कि आज पंजाब के दोनों बेटे विश्व स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और यह पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात है। मुख्यमंत्री ने बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया कि उन्होंने पंजाब के युवाओं की काबिलियत पर विश्वास जताया। राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि जल्द ही दोनों खिलाड़ियों का विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी की खबर जैसे ही सामने आई, सोशल मीडिया पर पंजाब के क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर खुशी मनाई और उन्हें बधाइयों का तांता लग गया। यह घोषणा पंजाब के खेल क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है क्योंकि इससे प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
Comments are closed.