मिशन 2027: पंजाब में संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस
117 हलका कोऑर्डिनेटर और 58 संगठन ऑब्जर्वर की नियुक्ति, राहुल गांधी की अगुवाई में संगठन सृजन अभियान तेज
चंडीगढ़ / पंजाब कांग्रेस अब मिशन 2027 के लिए पूरी तैयारी में जुट गई है। बीते विधानसभा चुनावों में पार्टी को झटके लगे, लेकिन अब राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर से राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत राज्य के सभी 117 विधानसभा हलकों में हलका कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति की गई है। साथ ही संगठन की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए 58 संगठनात्मक पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर) की तैनाती की गई है।
यह कवायद सिर्फ कागजी नहीं है। पार्टी ने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना ही अब प्राथमिकता है। इन कोऑर्डिनेटरों और पर्यवेक्षकों को क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने, बूथ स्तर पर संगठन को पुनर्गठित करने और आगामी चुनाव की रणनीति तय करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की रणनीति यह है कि हर हलके में मजबूत ढांचा तैयार हो, ताकि जब चुनावी रण में उतरा जाए, तो संगठन पूरी तरह तैयार मिले।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि 2017 में पार्टी को मिली बड़ी सफलता का कारण मजबूत जमीनी ढांचा और जनता से जुड़ाव था, जो समय के साथ कमजोर पड़ा। अब दोबारा उसी ताकत को लौटाने के लिए यह संगठनात्मक अभियान चलाया जा रहा है। राहुल गांधी की नजरें खुद इस प्रक्रिया पर हैं और वे लगातार अपडेट ले रहे हैं।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि जल्द ही प्रदेश स्तर पर कार्यशालाएं और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन के नवनियुक्त सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी का मानना है कि संगठन ही चुनाव जिताता है, और यदि मजबूत संगठन तैयार हो गया, तो 2027 में सत्ता वापसी का सपना साकार किया जा सकता है।
Comments are closed.