भारत की कूटनीतिक जीत मानी विश्व मीडिया ने
NYT और वॉशिंगटन पोस्ट ने मानी भारत की बढ़त, उपग्रह चित्रों में PAK एयरबेस तबाह….
न्यूयॉर्क : भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए चार दिवसीय सैन्य संघर्ष को लेकर अब विश्व मीडिया भारत की रणनीतिक और सैन्य जीत को स्वीकार कर रहा है। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स के बाद अब वॉशिंगटन पोस्ट ने भी भारत की सैन्य कार्रवाई को प्रभावी बताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने इस संघर्ष के दौरान पाकिस्तान के छह प्रमुख एयरबेस और सैन्य ठिकानों को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त किया।
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में उपग्रह से प्राप्त हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरों का विश्लेषण किया गया है, जिनमें हमलों से पहले और बाद की स्थिति का तुलनात्मक अध्ययन किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि इन तस्वीरों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि भारत द्वारा किए गए हमलों के परिणामस्वरूप पाकिस्तान के सैन्य ढांचों को भारी क्षति पहुंची है।
इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी अपनी रिपोर्ट में भारत को रणनीतिक रूप से सफल बताया था। न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा कि भारत ने उपग्रहों के माध्यम से सटीक टारगेटिंग करते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को प्रभावित किया, जिससे पाकिस्तान की वायुसेना की परिचालन क्षमता पर गहरा असर पड़ा है।
इन रिपोर्टों से यह स्पष्ट हो गया है कि वैश्विक मीडिया अब भारत की सैन्य क्षमता और कूटनीतिक दक्षता को स्वीकार कर रहा है। जहां पाकिस्तान ने संघर्ष के दौरान खुद को पीड़ित के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की, वहीं अंतरराष्ट्रीय विश्लेषणों और तकनीकी प्रमाणों ने भारत की तैयारी और हमलों की सटीकता को मान्यता दी है।
भारतीय विश्लेषकों का कहना है कि यह भारत की न केवल सैन्य क्षमता की जीत है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर छवि मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, यह भी स्पष्ट है कि भारत अब केवल जवाबी कार्रवाई तक सीमित नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा नीति में सक्रिय और निर्णायक भूमिका निभा रहा है।
Comments are closed.