बिहार में खेमका कांड से जुड़ा शूटर ढेर
पुलिस पर चलाई गोली, एनकाउंटर में मारा गया हथियार सप्लायर विकास……
बिहार : में खेमका हत्याकांड से जुड़े एक बड़े अपराधी का एनकाउंटर कर दिया गया है। पुलिस की टीम जब पूछताछ के लिए विकास नामक अपराधी के घर पहुंची, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें विकास ढेर हो गया।
सूत्रों के अनुसार, विकास वही अपराधी है जिसने खेमका हत्याकांड में शामिल शूटर को हथियार उपलब्ध कराए थे। वह इस हाई-प्रोफाइल केस में वांछित था और पुलिस उसकी तलाश में कई दिनों से दबिश दे रही थी। जैसे ही उसके छिपे होने की सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन विकास ने आत्मसमर्पण करने के बजाय गोलियां बरसाना शुरू कर दी।
एनकाउंटर के दौरान पुलिस को अपनी जान बचाने के लिए मजबूरन जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। कुछ ही मिनटों में विकास को काबू में लिया गया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से एक अत्याधुनिक हथियार और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब विकास के मोबाइल और संपर्कों की जांच कर रही है, जिससे यह पता चल सके कि गैंग में और कौन-कौन शामिल था।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के दायरे में की गई और इसमें पूरी पारदर्शिता बरती गई है। विकास जैसे शातिर अपराधी का मारा जाना बिहार पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि इससे खेमका हत्याकांड की परतें और खुलने की संभावना बढ़ गई है।
गांव और आसपास के इलाकों में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है। भारी संख्या में जवान तैनात कर दिए गए हैं और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Comments are closed.