पंजाब के 16 जिलों में आंधी-बिजली अलर्ट
5 जिलों में हल्की बारिश की संभावना, बठिंडा में पारा 45.8°C…..
पंजाब : में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के 16 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को इन जिलों में तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इसके अलावा 5 जिलों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस बीच बठिंडा में गर्मी ने नया रिकॉर्ड बनाया है, जहां का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में मोहाली, रूपनगर, होशियारपुर, नवांशहर, जालंधर, अमृतसर, कपूरथला, फाजिल्का, फरीदकोट, बठिंडा, बरनाला, मानसा, मुक्तसर, संगरूर, पटियाला और लुधियाना जिलों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। इसके साथ ही पटियाला, मोहाली, लुधियाना, बरनाला और मानसा में हल्की बारिश हो सकती है। इस चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों में सतर्कता बरतने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय गर्म हवाओं के टकराव के कारण प्रदेश में अचानक मौसम में बदलाव आया है। इसके चलते कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है, लेकिन फिलहाल गर्मी से पूरी राहत की उम्मीद नहीं है।
बठिंडा, जो इन दिनों लू की चपेट में है, वहां का तापमान 45.8 डिग्री तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग दोपहर के समय घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रशासन ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपने खेतों में बिजली गिरने से बचने के उपाय करें और मौसम की स्थिति को देखते हुए फसलों की देखरेख करें। वहीं आम जनता से अपील की गई है कि खराब मौसम में खुले स्थानों से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Comments are closed.