धड़क 2 बॉक्स ऑफिस पर कमजोर साबित - News On Radar India

धड़क 2 बॉक्स ऑफिस पर कमजोर साबित

तीसरे दिन की कमाई से निराशा, दर्शकों ने किया किनारा

137

नई दिल्ली  करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धड़क 2’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। 2018 में रिलीज़ हुई ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर की ‘धड़क’ को दर्शकों ने सराहा था और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रदर्शन करने में सफल रही थी। लेकिन उसकी सीक्वल फिल्म ‘धड़क 2’ उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रही है। रिलीज के तीसरे दिन फिल्म की कमाई ने निर्माताओं को हैरान कर दिया है।

धड़क 2 को तीसरे दिन मात्र 2.65 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। पहले दिन की ओपनिंग लगभग 4.10 करोड़ रही थी, जबकि दूसरे दिन में थोड़ी सी बढ़त के साथ 4.75 करोड़ रुपये की कमाई की गई थी। इस लिहाज से तीसरे दिन की गिरावट बेहद चौंकाने वाली है। तीन दिनों में फिल्म ने कुल मिलाकर लगभग 11.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है, जो कि इस स्तर की फिल्म के लिए काफी कम माना जा रहा है।

फिल्म की कहानी, निर्देशन और अभिनय को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। दर्शकों की एक बड़ी संख्या ने फिल्म की स्क्रिप्ट को कमजोर बताया है, जबकि कुछ ने नए कलाकारों की अभिनय क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने लिखा कि फिल्म में वही पुराना रोमांटिक ट्रैक दोहराया गया है जो अब बासी लगने लगा है। वहीं कुछ दर्शकों को यह भी लगता है कि फिल्म की रिलीज़ टाइमिंग सही नहीं थी, क्योंकि इसी समय अन्य बड़ी फिल्में भी थिएटर्स में चल रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में उछाल नहीं आता है तो ‘धड़क 2’ जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो सकती है। इसके अलावा, फिल्म की डिजिटल रिलीज़ की चर्चा भी शुरू हो गई है, ताकि कुछ हद तक नुकसान की भरपाई की जा सके।

फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का यह भी कहना है कि ‘धड़क 2’ का प्रमोशन अपेक्षाकृत कमज़ोर रहा है। सोशल मीडिया पर फिल्म का प्रचार न तो पर्याप्त था और न ही ट्रेलर और गानों ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा। इन सब कारणों की वजह से फिल्म को दर्शकों की रुचि मिलना मुश्किल हो रहा है। हालांकि फिल्म के कुछ सीन और संगीत की तारीफ भी हुई है, लेकिन समग्र रूप से यह फिल्म दर्शकों से जुड़ने में असफल रही है। अब देखना यह है कि वीकडे में इसकी स्थिति कैसी रहती है और क्या यह फिल्म अपनी लागत निकाल पाएगी या नहीं।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group