तीन दिन से बंद पंजाब पुलिस वेबसाइट.. - News On Radar India
News around you

तीन दिन से बंद पंजाब पुलिस वेबसाइट..

PPSaanjh.in बंद होने से FIR अपलोड और वेरीफिकेशन जैसे काम ठप, जनता परेशान…

82

लुधियाना : पंजाब पुलिस की आधिकारिक सेवा वेबसाइट PPSaanjh.in बीते तीन दिनों से बंद पड़ी है, जिससे राज्यभर के सांझ केंद्रों में नागरिक सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो गई हैं। इस वेबसाइट के माध्यम से पुलिस वेरिफिकेशन, किरायेदार की जांच, चरित्र प्रमाण पत्र, FIR अपलोड और अन्य सार्वजनिक सेवाएं दी जाती थीं। लेकिन वेबसाइट के ठप पड़ने के चलते न तो नए आवेदन लिए जा रहे हैं और न ही पुराने मामलों में कोई अपडेट हो पा रहा है।

लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और पटियाला सहित सभी प्रमुख जिलों के सांझ केंद्रों में काम रुक गया है। कई लोग सुबह से लाइनों में खड़े होकर सेवा मिलने की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन कर्मचारियों द्वारा उन्हें लौटा दिया जा रहा है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसे नौकरी के लिए पुलिस वेरिफिकेशन की जरूरत है, लेकिन तीन दिन से कोई अपडेट नहीं मिल रहा।

सांझ केंद्रों के कर्मचारी भी परेशान हैं क्योंकि उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है कि वेबसाइट कब तक चालू होगी। कुछ अधिकारियों का कहना है कि वेबसाइट के सर्वर में तकनीकी खराबी आई है और राज्य आईटी विभाग इसे ठीक करने की कोशिश कर रहा है।

सबसे अधिक असर FIR की अपलोडिंग और किरायेदार वेरीफिकेशन जैसी सेवाओं पर पड़ा है, जो अब डिजिटल माध्यम से अनिवार्य रूप से की जाती हैं। कई मामलों में कोर्ट में दाखिल होने वाले दस्तावेज समय पर तैयार नहीं हो पा रहे हैं जिससे कानूनी प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।

पंजाब पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। तकनीकी जानकारों का कहना है कि अगर वेबसाइट हैकिंग या सर्वर क्रैश जैसी समस्या का शिकार हुई है, तो इसके ठीक होने में और समय लग सकता है।

लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जाए या फिर वेबसाइट को प्राथमिकता पर बहाल किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Comments are closed.

Join WhatsApp Group