टांडा अस्पताल में शीघ्र शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा - News On Radar India

टांडा अस्पताल में शीघ्र शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा

छह जिलों के मरीजों को मिलेगा अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी का लाभ…

212

Kangra : डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, जो प्रदेश के छह जिलों के बाशिंदों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, में अब शीघ्र ही अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने जा रही है। हिमाचल प्रदेश सरकार के कैबिनेट ने इसके लिए ₹28 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मशीनरी और उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी है।

इस रोबोटिक सर्जरी का लाभ आंत, कैंसर, और लिवर जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को मिलेगा। इस तकनीक के माध्यम से, सर्जन अब पेट के कैंसर, बड़ी आंत, प्रोस्टेट और लिवर के कैंसर जैसी सर्जरी को तेजी से और आसानी से कर सकेंगे। सामान्य सर्जरी जहां तीन घंटे से ज्यादा समय लेती है, वहीं रोबोटिक सर्जरी एक से डेढ़ घंटे में पूरी हो जाएगी।

यह सुविधा कांगड़ा, चम्बा, मंडी, हमीरपुर, ऊना, कुल्लू और बिलासपुर जिलों के लोगों को मिलेगी, जिससे उन्हें विदेशों और दूसरे राज्यों के अस्पतालों का रुख करने की बजाय अब अपने राज्य में ही यह सुविधा मिल सकेगी।

पिछले कुछ वर्षों में रोबोटिक सर्जरी का उपयोग चिकित्सा क्षेत्र में काफी बढ़ा है। इस तकनीक से सर्जन शरीर के लक्षित अंगों की बेहतर विजिबिलिटी प्राप्त करते हैं, जिससे सर्जरी में तेजी और सटीकता बढ़ती है। रोबोटिक सर्जरी में कट बहुत छोटा होता है, जिसके कारण मरीज तेजी से ठीक हो जाते हैं।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group