झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, 62 वर्ष की उम्र में दिल्ली में ली अंतिम सांस
CM हेमंत सोरेन समेत नेताओं ने जताया शोक....
रांची/दिल्ली: झारखंड के शिक्षा मंत्री और घाटशिला से विधायक रामदास सोरेन का शुक्रवार देर रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। वे 62 वर्ष के थे। उनके बेटे ने सोशल मीडिया पर पिता के निधन की पुष्टि करते हुए लिखा, “अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पिताजी अब हमारे बीच नहीं रहे।”
रामदास सोरेन को 2 अगस्त 2025 को ब्रेन स्ट्रोक के बाद जमशेदपुर से एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया था। शुरुआती हालत गंभीर होने के बाद उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने X (ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा।” वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी गहरी संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बताया जा रहा है कि 2 अगस्त की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने पर तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। अपोलो अस्पताल में कई दिनों तक चल रहे उपचार के बावजूद वे जीवन की जंग हार गए।
उनके निधन से झारखंड की राजनीति और शिक्षा जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।
Comments are closed.