जालौर में दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से परिवार की मौत - News On Radar India

जालौर में दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से परिवार की मौत

बाइक सवार दंपति और दो बच्चों की जान गई, डंपर चालक फरार...

214

जालौर : जालौर के सायला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पोषणा-उनडी रोड पर एक बजरी से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ, जब बावतरा गांव निवासी उत्तमपुरी गोस्वामी (32), उनकी पत्नी पिंटा देवी (30), और उनके दो बच्चे हेमराज (5) और चिंटू (8) बाइक पर कोरा गांव में शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया।

घटनास्थल पर सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी महेंद्रसिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद घटनास्थल पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को हटाने और डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने उनके आने से पहले ही शवों और डंपर को मौके से हटा लिया। स्थिति को शांत करने के लिए एसपी ज्ञानचंद यादव, एडिशनल एसपी मोटाराम गोदारा, डीवाईएसपी गौतम जैन और तहसीलदार लक्ष्मी चौधरी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।

Advertisements
You might also like

Comments are closed.

Join WhatsApp Group