चंडीगढ़ में दिनदहाड़े गोलीकांड से शहर की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल : मुकेश गोयल
चंडीगढ़ : सेक्टर-22 शास्त्री मार्केट व स्मॉल ट्रेडर्ज ऐसोसिएशन के प्रधान मुकेश गोयल ने सेक्टर-11 में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस प्रकार की घटनाएं नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं।
मुकेश गोयल ने कहा कि चंडीगढ़ अपनी शांतिपूर्ण और सुरक्षित पहचान के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
गोयल ने घटना में प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहाँ कि पूरे शहर को मिलकर अपराध के खिलाफ एकजुट होना होगा ताकि चंडीगढ़ की शांति और सुरक्षा कायम रह सके। (हरमिंदर नागपाल की रिपोर्ट )