क्या राहुल गांधी सुलझाएंगे हरियाणा कांग्रेस संकट
गुटबाजी से जूझ रही हरियाणा कांग्रेस को नया संगठनात्मक खाका देने चंडीगढ़ पहुंचेंगे राहुल गांधी, चार घंटे में बन सकता है रोडमैप।……
हरियाणा : कांग्रेस में जारी गुटबाजी और संगठनात्मक अस्थिरता के बीच राहुल गांधी आज चंडीगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं। यह दौरा कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसके दौरान राहुल गांधी महज चार घंटे में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के संगठन विस्तार की योजना को अंतिम रूप देने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी दोपहर के समय चंडीगढ़ पहुंचेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा जैसे प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं।
चुनाव बीते सात महीने हो चुके हैं, लेकिन पार्टी आज तक नेता प्रतिपक्ष की घोषणा नहीं कर पाई है। यह कांग्रेस आलाकमान के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि विधानसभा चुनावों से पहले एक सशक्त विपक्ष की भूमिका को लेकर पार्टी की रणनीति साफ नहीं हो सकी है। सूत्रों की मानें तो हरियाणा कांग्रेस के भीतर कई गुट बन चुके हैं, जिनमें तालमेल की कमी के चलते संगठन का विस्तार अधर में लटका हुआ है। वहीं, राहुल गांधी की यह कोशिश होगी कि वह सभी गुटों को साथ लाकर संगठन को नया आकार दें ताकि आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी समय रहते शुरू की जा सके।
प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और अध्यक्ष उदयभान ने पहले भी कई बार यह दावा किया था कि जल्द ही विस्तार और नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति होगी, लेकिन उनके सभी दावे धरातल पर आते ही विफल हो गए। राहुल गांधी की यह पहल हरियाणा कांग्रेस में नया जीवन फूंक सकती है। अब देखना यह होगा कि चंडीगढ़ में चार घंटे की इस बैठक से कांग्रेस को कितना ठोस समाधान मिलता है।
Comments are closed.