क्या ‘एक भारत’ अभियान से बढ़ेगी एकता?
हरियाणा सीएम नायब सैनी बोले, 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होगा।…..
हरियाणा : के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच “सबका साथ सबका विकास” के तहत हरियाणा सरकार की नीतियों और कार्यशैली को देश की एकता व अखंडता के लिए समर्पित बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वर्ष 2015 में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुरू की गई ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल अब देश को जोड़ने वाला एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। यह अभियान भारत की आत्मा को जोड़ने का माध्यम बन गया है जो देश के हर नागरिक को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है।
रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सरकारी आवास “संत कबीर कुटीर” में हरियाणा में रह रहे विभिन्न राज्यों के नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि हर राज्य और हर नागरिक का योगदान भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हरियाणा के विकास में साझेदार बनें और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि हरियाणा केवल अपने लोगों का ही नहीं बल्कि पूरे भारत का राज्य है और यहां हर भाषा, हर क्षेत्र, हर संस्कृति के लोग मिलकर प्रदेश की प्रगति में भागीदार बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने भारत को एकसूत्र में पिरोने का संकल्प लिया था, उसी राह पर आज देश आगे बढ़ रहा है और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ उस संकल्प को और सशक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश जब विविधताओं के साथ आगे बढ़ेगा तभी सच्चे अर्थों में भारत श्रेष्ठ बन पाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि हरियाणा सरकार विभिन्न स्तरों पर ऐसे कार्यक्रम चला रही है जो सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को देश के प्रति सकारात्मक सोच के साथ जोड़ते हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी के इस संबोधन को एक प्रेरणात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है जो हरियाणा के साथ-साथ पूरे देश को एकजुट रहने और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में संगठित प्रयास करने की प्रेरणा देता है।
Comments are closed.