आप विधायक रमन अरोड़ा भ्रष्टाचार में गिरफ्तार
घर से मिला 1.5 किलो सोना, सीएम मान बोले- अपना हो या पराया, बख्शा नहीं जाएगा……
पंजाब : की राजनीति उस समय हिल गई जब आम आदमी पार्टी (आप) के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राज्य सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम ने विधायक रमन अरोड़ा के घर पर आठ घंटे से ज्यादा समय तक छापेमारी की, जिसमें कई चौंकाने वाली चीजें बरामद की गईं।
इस छापेमारी के दौरान अधिकारियों को उनके आवास से करीब 1.5 किलो सोना मिला, जिसे जांच एजेंसियों ने कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी भी जब्त की गई है, जिनकी जांच की जा रही है। छापेमारी के बाद विजिलेंस विभाग ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पर सख्त प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे कोई अपना हो या पराया, अगर वह गलत करेगा तो बख्शा नहीं जाएगा। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ईमानदारी और पारदर्शिता की राजनीति करती है, और इस सिद्धांत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दलों को भी सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया है। कांग्रेस और बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि सरकार और पार्टी नेतृत्व का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी तरह की सिफारिश या दबाव नहीं चलेगा।
इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सरकार गंभीर है, चाहे वह अपने ही पार्टी के नेता क्यों न हों। रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी अब राज्य में राजनीतिक चर्चा का बड़ा मुद्दा बन चुकी है और जनता इस पर गहरी नजर बनाए हुए है।
Comments are closed.