गुजरात चुनाव से पहले AAP की नई टीम का ऐलानः किशोर भाई देसाई को बनाया प्रदेश अध्यक्ष
Ahmedabad: गुजरात चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने 850 से ज्यादा नए पदाधिकारियों के साथ गुजरात के लिए एक नए संगठन ढांचे की घोषणा की है। पार्टी ने रविवार (12 जून 2022) को गुजरात आप के नेता इसुदान गढ़वी को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नियुक्त किया है। वहीं, इंद्रनील राजगुरु को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रभारी संदीप पाठक ने नए संगठन के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों के नाम घोषित किए। इसके साथ ही आप ने किशोरभाई देसाई को प्रदेश अध्यक्ष (फ्रंटल संगठन) और मनोज सोरथिया को राज्य महासचिव नियुक्त किया है। इस घोषणा के साथ, राज्य, जिला, तालुका स्तर और फ्रंटल संगठनों में सभी पार्टी पदों को भंग कर दिया गया।
इसके पहले आप ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए बुधवार (8 जून) को राज्य की सभी इकाइयों को भंग कर दिया था। पार्टी के राज्य प्रमुख गोपाल इटालिया ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप राज्य विधानसभा चुनाव जीतने और भाजपा को हराने के उद्देश्य से काम कर रही है। इटालिया ने कहा, “पार्टी ने चुनाव से कुछ महीनों पहले लागू करने के लिए शक्तिशाली रणनीति बनाई है।”
Comments are closed.